मुख्यमंत्री को किया आमंत्रित -जिला पत्रकार संगठन ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को शपथ ग्रहण समारोह का दिया निमंत्रण।
चम्पावत। नवनिर्वाचित जिला पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संगठन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि बनने का औपचारिक निमंत्रण दिया है। रणकोची धाम में संगठन के महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र सौंपा।
उल्लेखनीय है कि बीते 17 नवंबर को जिला सूचना कार्यालय में आयोजित त्रैमासिक अधिवेशन के दौरान संगठन की चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई थी, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। किन्हीं अपरिहार्य कारणों से शपथ ग्रहण समारोह में विलंब हुआ, लेकिन अब जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली के निर्देश पर आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
संगठन द्वारा निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण हेतु मुख्यमंत्री को विशेष रूप से आमंत्रित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर सचिव शुभम गौड़, वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल यादव, देवेंद्र चंद देवा, दीपक फुलेरा, सूरी पंत, दीपक धामी, नवीन भट्ट, विनोद जोशी, राजीव गुप्ता सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।


