ईमानदारी और दबंग कार्यशैली की मिसाल: ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक एवं पूर्व अधिशाषी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई, जनसेवा अब भी रहेगा लक्ष्य – श्री जोशी 

खबर शेयर करें -

ईमानदारी और दबंग कार्यशैली की मिसाल: ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक एवं पूर्व अधिशाषी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई, जनसेवा अब भी रहेगा लक्ष्य – श्री जोशी

➡️ टनकपुर ईओ के तौर पर किये गए कार्य बन रहे हैं मिसाल.

➡️ जिलाधिकारी द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य किये जाने पर मिला सम्मान.

➡️ सुपर सीट के दौरान किये गए विकास कार्य बने यादगार.

➡️ अब करेंगे सामाजिक कार्यों की पारी की तेजी से शुरुआत. जनसेवा लक्ष्य – भूपेन्द्र प्रकाश जोशी.

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर के पूर्व अधिशासी अधिकारी एवं उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक भूपेंद्र प्रकाश जोशी के सेवानिवृत्त होने पर विकास भवन में गरिमामय और भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके दीर्घ और प्रेरणादायी सेवाकाल को याद किया।

करीब तीन दशक से अधिक लंबे सेवाकाल में जोशी ने वर्ष 1989 में उद्यान विभाग से अपनी शुरुआत करते हुए चमोली, पिथौरागढ़ और चम्पावत जैसे जनपदों में अपनी कार्यकुशलता की छाप छोड़ी। वर्ष 2021 में अधिशासी अधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति मिलने के बाद उन्होंने चम्पावत, गरुड़ और टनकपुर नगर पालिकाओं में लगभग तीन वर्षों तक जिम्मेदारी निभाई और अपने काम से अलग पहचान बनाई।

टनकपुर में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से एक दबंग, पारदर्शी और विकासोन्मुखी प्रशासन के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, इंटरलॉक टाइल्स, चौराहों के सौंदर्याकरण और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कई ठोस कार्य कराए। कर्मचारियों के नियमितीकरण और समय पर वेतन सुनिश्चित कर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाया।

बाढ़ आपदा जैसे कठिन समय में भी भूपेन्द्र प्रकाश जोशी स्वयं मैदान में उतरकर वार्डों और बस्तियों का निरीक्षण करते रहे तथा राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया। उनकी कार्यशैली की विशेषता रही कि उन्होंने राजनीतिक दबावों से ऊपर उठकर निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया।यूनिफॉर्म सिविल कोड के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाना उनके कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि टनकपुर में उनके द्वारा किए गए विकास कार्य आने वाले समय में भी मिसाल बने रहेंगे।

विकास भवन में आयोजित विदाई समारोह में उनकी धर्मपत्नी ममता जोशी, डॉ. धीरज गहतोड़ी, रुपाली जोशी भट्ट, पंकज जोशी, आद्रीका, यचित, डॉ. गंगादत्त गहतोड़ी, भगवती गहतोड़ी, भुवन चंद्र जोशी, विनोद मेलरानी, विपिन पांडे, जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली, विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सक्रिय व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्ति के बाद भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने की इच्छा जताई। उनका कहना है कि अब वे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज के लिए नई पारी की शुरुआत करेंगे, जहां उनका मुख्य उद्देश्य जनहित और सेवा रहेगा।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page