हल्द्वानी वन प्रभाग की अनूठी पहल, शारदा रेंज में ककराली गेट से विद्यार्थियों को कराई गई जंगल सफारी, वन्यजीव संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक।
टनकपुर (चम्पावत)। प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग, हल्द्वानी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, शारदा के निर्देशानुसार शारदा वन क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर क्षेत्र के स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य की शारदा रेंज स्थित ककराली गेट से जंगल सफारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बस्तिया के 25 विद्यार्थियों तथा राधे हरि राजकीय इंटर कॉलेज, टनकपुर के 25 विद्यार्थियों को जंगल सफारी कराई गई।
सफारी के दौरान शारदा वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को ककराली स्थित रिसेप्शन सेंटर परिसर में जंगल के प्राकृतिक वातावरण, जैव विविधता तथा वन्यजीवों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वन क्षेत्र में संचालित विभिन्न वानिकी कार्यों, वृक्षारोपण, वन संरक्षण, मृदा एवं जल संरक्षण के महत्व के संबंध में भी अवगत कराया गया।
वन कर्मियों द्वारा बच्चों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वन दरोगा मुकेश तड़ागी, भैरव सिंह बिष्ट, सुनील सिंह भाकुनी, पुष्पेंद्र सिंह राणा, यशपाल सिंह तथा वन आरक्षी पूजा, सुमन, रंजना सहित अन्य वन कर्मी उपस्थित रहे।

