उत्तराखंड में RTI नियमों की अनदेखी के आरोप, CD/DVD की जगह प्रति पृष्ठ शुल्क और अलग से पोस्टेज चार्ज वसूली का लगाया आरोप।

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में RTI नियमों की अनदेखी के आरोप, CD/DVD की जगह प्रति पृष्ठ शुल्क और अलग से पोस्टेज चार्ज वसूली का लगाया आरोप।

देहरादून। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तराखंड कार्यालय पर सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि आवेदकों द्वारा CD/DVD माध्यम से सूचना मांगे जाने के बावजूद विभाग कागजी प्रतियां उपलब्ध कराने के नाम पर 2 रुपये प्रति पृष्ठ की दर से शुल्क वसूल रहा है। इस आशय की जानकारी आरटीआई व सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डेय ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी।

उन्होंने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 तथा उत्तराखंड RTI नियमावली 2013 में स्पष्ट प्रावधान न होने के बावजूद विभाग द्वारा 50 से 100 रुपये तक अतिरिक्त पोस्टेज शुल्क भी मनमाने तरीके से लिया जा रहा है, जिससे आवेदकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

इस पूरे प्रकरण को उजागर करने वाले भीमताल निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व कृषि अधिकारी चंद्र शेखर जोशी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जब आवेदक डिजिटल माध्यम (CD/DVD) में सूचना चाहते हैं, तो विभाग द्वारा कागजी प्रतियों का शुल्क थोपना RTI नियमों की भावना के विपरीत है।वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड शासन के चिकित्सा सचिव कार्यालय द्वारा CD/DVD में सूचनाएं उपलब्ध कराए जाने के बावजूद 2 रुपये प्रति पृष्ठ की दर से प्रतिलिपिकरण शुल्क लिया गया, हालांकि वहां पोस्टेज शुल्क नहीं लिया गया। इसके विपरीत, कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा RTI नियम 6(c) के अनुरूप DVD माध्यम से सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं, जहां न तो प्रति पृष्ठ शुल्क लिया गया और न ही कोई अतिरिक्त पोस्टेज चार्ज वसूला गया।

सूचना अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक ही राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा RTI नियमों की अलग-अलग व्याख्या पारदर्शिता और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। वर्ष 2005 में लागू RTI अधिनियम और 2013 में बनी राज्य नियमावली के बावजूद आज भी कई लोक सूचना अधिकारी नियमों को लेकर स्पष्टता के अभाव में अपने-अपने तरीके से कार्य कर रहे हैं।

चंद्र शेखर जोशी ने शासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी विभागों में एक समान और नियमसम्मत व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक शुल्क और परेशानियों से राहत मिल सके।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page