बड़ी खबर – टनकपुर चम्पावत हाइवे पर ककराली गेट के पास मोड़ पर तेज रफ्तार कार का कहर, दो राहगीर घायल, कार चालक और सवार भी जख़्मी, जम्मू कश्मीर से चम्पावत जा रहीं थी कार, पुलिस जांच में जुटी।

खबर शेयर करें -

बड़ी खबर – टनकपुर चम्पावत हाइवे पर ककराली गेट के पास मोड़ पर तेज रफ्तार कार का कहर, दो राहगीर घायल, कार चालक और सवार भी जख़्मी, जम्मू कश्मीर से चम्पावत जा रहीं थी कार, पुलिस जांच में जुटी।

टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर क्षेत्र में बुधवार को ककराली गेट के पास मोड़ पर एक सड़क दुर्घटना में ईवनिंग वॉक कर रहे दो व्यक्ति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर नंबर की एक स्विफ्ट कार (UK07AB8114), जो चम्पावत की ओर जा रही थी, मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टहल रहे लोगों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कर्मचारी कॉलोनी, वार्ड नंबर 6 निवासी करीब 50 वर्षीय राजीव आर्या के बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पूर्णागिरी क्षेत्र के नायकगोठ निवासी लगभग 60 वर्षीय सतीश पंत को कमर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायल उस समय सड़क किनारे ईवनिंग वॉक कर रहे थे। वहीं, कार चालक दलजीत सिंह (33 वर्ष), निवासी कटरा वैष्णो देवी (जम्मू-कश्मीर) को सिर व हाथ में चोटें आई हैं, जबकि वाहन में सवार कमल सिंह (27 वर्ष) के सिर में चोट बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टनकपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ नौनिहाल सिंह की टीम द्वारा उनका उपचार जारी है। राजीव आर्या की गंभीर दशा को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार अधिक थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर उचित सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक बोर्ड एवं गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अलबत्ता पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page