मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी ₹74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, माँ पूर्णागिरि मेला-2026 के शुभारंभ पर 5 योजनाओं का लोकार्पण, 4 का किया शिलान्यास।

खबर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी ₹74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, माँ पूर्णागिरि मेला-2026 के शुभारंभ पर 5 योजनाओं का लोकार्पण, 4 का किया शिलान्यास।

टनकपुर। जनपद चम्पावत के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मेलें का विधिवत शुभारंभ करते हुए जनपद को ₹74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल ₹7454.74 लाख की लागत से पूर्ण हुई 5 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹959.49 लाख की 4 नई योजनाओं का शिलान्यास कर उन्हें जनता को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये योजनाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, पर्यटन संवर्धन और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगी।

➡️ ₹64.95 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण…..

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास को गति देने वाली पाँच महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। चलथी नदी पर दो लेन सेतु – टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग पर ₹5014 लाख की लागत से निर्मित 690 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड मोटर सेतु का उद्घाटन किया गया। यह सेतु सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। जनजातीय उत्थान हेतु बहुउद्देशीय भवन – ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा ‘पीएम जनमन योजना’ के अंतर्गत ग्राम खिरद्वारी में बुक्सा एवं राजी जनजाति के लिए ₹60 लाख की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण। राजकीय पशु प्रजनन फार्म, नरियाल (चम्पावत) – ₹659.01 लाख की लागत से प्रथम चरण के विकास कार्यों का शुभारंभ, जिससे पशुपालन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। गुरु गोरखधाम में पर्यटक सुविधाएं – ₹271.39 लाख की लागत से विकसित अवस्थापना सुविधाओं का लोकार्पण। श्यामलाताल को ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की पहल – ₹490.94 लाख की लागत से ‘लेक फ्रंट डेवलपमेंट’ कार्यों का उद्घाटन, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

➡️ ₹9.59 करोड़ की 4 योजनाओं का शिलान्यास…..

मुख्यमंत्री ने ₹959.49 लाख की चार नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से ₹498.50 लाख के विभिन्न जनोपयोगी निर्माण कार्य। तहसील बाराकोट में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा ₹302.50 लाख की लागत से अनावासीय भवन का निर्माण। ‘ब्रिडकुल’ (यूनिट पिथौरागढ़) द्वारा एड़ी मेला स्थल, कालूखान के सौंदर्यकरण हेतु ₹81.50 लाख की परियोजना। नगर पंचायत बनबसा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में ₹76.90 लाख की लागत से पार्क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि माँ पूर्णागिरि का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर बना रहे और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर राज्य निरंतर अग्रसर रहे।

इस अवसर पर सांसद एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार व प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी व उपाध्यक्ष भुवन पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एएमए जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

बताते चले कि मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। विकास योजनाओं की इस बड़ी सौगात से चम्पावत जनपद में आधारभूत संरचना और पर्यटन विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page