पेयजल संकट – खरही के नाखुड़ा तोक में गहराया पेयजल संकट, सात परिवारों को हो रही भारी परेशानी।

खबर शेयर करें -

पेयजल संकट – खरही के नाखुड़ा तोक में गहराया पेयजल संकट, सात परिवारों को हो रही भारी परेशानी।

चम्पावत। विकासखंड क्षेत्र के खरही गांव के नाखुड़ा तोक में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग एक वर्ष पूर्व निर्मित पेयजल स्टोरेज टैंक अपेक्षाकृत निचले स्थान पर बनाया गया, जिससे टैंक से ऊपरी हिस्से में निवास कर रहे सात परिवारों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इन परिवारों को टैंक के पीछे से मुख्य पाइपलाइन से कनेक्शन दिया गया है। मुख्य लाइन में मिट्टी और पत्थर आने के कारण जलापूर्ति बार-बार बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र में स्थित ध्यान योग आश्रम भी इसी लाइन से जुड़ा हुआ है। आश्रम में प्रतिवर्ष सैकड़ों श्रद्धालु एवं यात्री पहुंचते हैं, लेकिन पानी की समुचित व्यवस्था न होने से उन्हें भी परेशानी झेलनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में आपदा के दौरान पुरानी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से लंबी पाइपलाइन और तकनीकी समस्याओं के कारण नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप नाखुड़ा तोक के करीब सात परिवार लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं और बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र स्थायी समाधान निकालने तथा प्रभावित परिवारों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page