पूर्णागिरि मेलें में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु टैक्सी यूनियनों संग यातायात व्यवस्था पर मंथन, सड़क सुरक्षा का लिया संकल्प।

खबर शेयर करें -

पूर्णागिरि मेलें में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु टैक्सी यूनियनों संग यातायात व्यवस्था पर मंथन, सड़क सुरक्षा का लिया संकल्प।

टनकपुर (चम्पावत)। माँ पूर्णागिरि मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा टैक्सी यूनियनों, वाहन स्वामियों एवं चालकों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसमें मेला अवधि के दौरान लागू होने वाले रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, ओवरलोडिंग पर प्रतिबंध तथा अनुशासित वाहन संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुरेन्द्र कुमार एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया ने निर्देश दिए कि सभी वाहन चालक मेला अवधि में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सत्यापन अनिवार्य….

बैठक में बताया गया कि मेला अवधि में वाहन संचालन हेतु सभी चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रहेगा। टैक्सी यूनियनों को निर्देशित किया गया कि वे तीन दिन के भीतर सत्यापित चालकों एवं वाहनों की सूची परिवहन कार्यालय में जमा कराएं।

स्वच्छता को लेकर विशेष निर्देश….

स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को निर्देश दिए गए कि वे सड़क पर प्लास्टिक अथवा कूड़ा-कर्कट न फैलाएं। सभी व्यावसायिक वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, जिससे मेला क्षेत्र को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सके।

सड़क सुरक्षा शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान….

बैठक के उपरांत एआरटीओ कार्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें उपस्थित वाहन चालकों एवं विभागीय कर्मियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। सभी ने यातायात नियमों के पालन एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आनंद सिंह बिष्ट परिवहन उप निरीक्षक, राजेन्द्र प्रसाद परिवहन सहायक निरीक्षक, आरक्षी महेन्द्र पाल, नीरज कुमार, किशन कुमार आर्य सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page