अदम्य साहस की मिसाल – गुलदार से भिड़कर बचाईं दो जिंदगियां, राजेंद्र सिंह धामी के साहस को सलाम, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित।

खबर शेयर करें -

अदम्य साहस की मिसाल – गुलदार से भिड़कर बचाईं दो जिंदगियां, राजेंद्र सिंह धामी के साहस को सलाम, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित।

चम्पावत। मानवता और अदम्य साहस की मिसाल पेश करते हुए जनपद के एक युवा ने अपनी जान की परवाह किए बिना दो लोगों की जिंदगी बचाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस वीरतापूर्ण कार्य के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

घटना 25 सितम्बर 2023 की है, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर आठवीं मील के पास ग्राम जौलपुर धाम निवासी पूरन तिवारी और पान सिंह दोपहिया वाहन से टनकपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गुलदार पूरन तिवारी को पकड़कर झाड़ियों की ओर घसीटने लगा। इसी बीच ग्राम ज्ञानखेड़ा, टनकपुर निवासी राजेंद्र सिंह धामी वहां से गुजर रहे थे। भयावह मंजर देख उन्होंने बिना एक पल गंवाए अद्वितीय साहस का परिचय दिया। वे तुरंत अपने वाहन से उतरे और निहत्थे ही गुलदार का सामना कर उसे मौके से खदेड़ दिया। इतना ही नहीं, धामी ने घायल दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपनी निजी गाड़ी से तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच सकी।

इस असाधारण बहादुरी और मानवता के जज्बे को सम्मान देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राजेंद्र सिंह धामी को मोमेंटो भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना ही सच्ची मानवता की पहचान है। जिलाधिकारी ने धामी के साहसिक कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए जनपदवासियों से अपील की कि वे भी कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और संवेदनशीलता के साथ एक-दूसरे की सहायता करें। यह घटना न सिर्फ बहादुरी की कहानी है, बल्कि यह भी दिखाती है कि इंसानियत आज भी जिंदा है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page