यूसीसी में उत्कृष्ट कार्य का गौरव: बनबसा के ईओ दीपक चंद्र बुढलाकोटी सहित दो कार्मिक देहरादून में सम्मानित, मुख्यमंत्री ने किया सम्मान प्रदान, क्षेत्रवासियों ने चम्पावत को गौरव प्राप्त होने पर किया ख़ुशी का इजहार।

देहरादून/चम्पावत/बनबसा। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बनबसा के अधिशासी अधिकारी दीपक चंद्र बुढलाकोटी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

यह सम्मान पूरे प्रदेश से चयनित मात्र पांच उत्कृष्ट कार्मिकों को दिया गया, जिसमें मुख्यमंत्री की विधानसभा चम्पावत से दो कार्मिकों का चयन होना जिले के लिए विशेष गौरव का विषय रहा। ईओ दीपक चंद्र बुढलाकोटी के साथ-साथ ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रीता विष्ट को भी यूसीसी में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यूसीसी के सफल क्रियान्वयन, जनजागरूकता, प्रशासनिक दक्षता एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के चलते चम्पावत जनपद की बनबसा इकाई प्रदेश में अव्वल रही। अधिकारियों की इस उपलब्धि ने न केवल स्थानीय प्रशासन का मान बढ़ाया है, बल्कि यह अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी जैसे महत्वपूर्ण सुधारों को धरातल पर उतारने में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इस उपलब्धि पर जनपद चम्पावत एवं बनबसा क्षेत्र में खुशी की लहर है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने सम्मानित कार्मिकों को शुभकामनाएं दी हैं।


