टनकपुर में पत्रकार यूनियन का हुआ गठन, पत्रकारिता में सुचिता एवं पत्रकार हितों के संवर्धन के उद्देश्य को लेकर “सीमांत पत्रकार संगठन” आया अस्तित्व में, वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल यादव को अध्यक्ष की कमान तो दिनेश खर्कवाल की महासचिव पद पर हुई ताजपोशी।

खबर शेयर करें -

टनकपुर में पत्रकार यूनियन का हुआ गठन, पत्रकारिता में सुचिता एवं पत्रकार हितों के संवर्धन के उद्देश्य को लेकर “सीमांत पत्रकार संगठन” आया अस्तित्व में, वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल यादव को अध्यक्ष की कमान तो दिनेश खर्कवाल की महासचिव पद पर हुई ताजपोशी।

टनकपुर (चंपावत)। पत्रकारों के हितों के संवर्धन एवं संरक्षण, पत्रकारिता में सुचिता सहित जन पक्षीय पत्रकारिता को सर्वोपरि रखने के उद्देश्य हेतु टनकपुर नगर में स्थानीय पत्रकारों ने “सीमांत पत्रकार संगठन” का गठन किया। शुक्रवार को नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित स्थानीय पत्रकारों की बैठक में वर्तमान पत्रकारिता के गिरते स्तर पर चिंतन करने के साथ ही जिले में पत्रकारिता की सुचिता को बनाने के संकल्प के साथ “सीमांत पत्रकार संगठन” का गठन कर पत्रकार हितों के संरक्षण हेतु संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसहमति से जिले के वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल यादव को संगठन के अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश खर्कवाल ने संगठन के अध्यक्ष पद हेतु बाबू लाल यादव के नाम का प्रस्ताव रखा। पत्रकार विनय शुक्ला नें प्रस्ताव का अनुमोदन करने के साथ ही बाबूलाल यादव को सर्व सहमति से अध्यक्ष चुना गया। जबकि संगठन के महामंत्री पद हेतु वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा द्वारा दिनेश खर्कवाल के नाम का प्रस्ताव रखा गया।जिस पर सर्व सहमति से वरिष्ठ पत्रकार खर्कवाल को महासचिव पद का दायित्व सौपा गया।

इसके अलावा संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भुवन पाटनी, उपाध्यक्ष पद पर दीपक फुलेरा, सचिव पद पर विनय शुक्ला, कोषाध्यक्ष पद पर मयंक पंत और मीडिया कोऑर्डिनेटर पद पर विनोद पाल को सर्व सहमति से चुना गया। सीमांत पत्रकार संगठन के सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर उन्हे शुभकामनाएं दी गई।

इस अवसर पर वर्तमान पत्रकारिता एवं पत्रकारिता के अनवरत गिरते स्तर, पत्रकारों की सुरक्षा एवं हितों के संरक्षण विषय पर चिंतन बैठक में टनकपुर के वरिष्ठ पत्रकार दिनेश खर्कवाल ने अपने उद्बोधन में वर्तमान में पत्रकारिता की सुचिता को बनाए रखने पर बल देते हुए इसे सभी श्रमजीवी पत्रकारों का प्रथम उद्देश्य बताया। साथ ही खर्कवाल ने जनहित के मुद्दों पर सभी पत्रकारों द्वारा प्रखर हो अपनी लेखनी से आवाज उठाने एवं पत्रकार हितों एवम उनके उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होने पर बल दिया। वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल यादव ने वर्तमान में पत्रकार हितों की रक्षा एवं उनकी सुरक्षा को सर्वोपरि रखने हेतु पत्रकारिता क्षेत्र में कार्यरत उन सभी स्वच्छ छवि के कलमकारों को आगे आने की अपील की, जो समाज में पत्रकारिता के मापदंडों को उच्च शिखर में स्थापित कर आमजन में पत्रकारिता की लगातार गिरती साख को बचाने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते है।

वही युवा पत्रकार विनोद पाल ने पत्रकारिता की छवि को धूमिल करने वाले पत्रकारों को बेनकाब करने सहित इसे मजबूत पत्रकार संगठन निर्माण पर जोर दिया जिसमे स्वच्छ छवि के पत्रकार ही शामिल हो। उन्होंने विश्वास जताया कि सीमांत पत्रकार संगठन भी इन्ही उद्देश्यों को आत्मसात कर आगे बड़ेगा। पत्रकार विनय शुक्ला ने स्वच्छ पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों के खिलाफ दमनकारी नीति के मामलों को देखते हुए इस तरह के उत्पीड़न के मामले के खिलाफ पत्रकार जगत को एकजुट होने का आवाहन कर पत्रकारिता की गरिमा को बचाने को पत्रकार संगठनों का मुख्य उद्देश्य बताया।

बैठक का संचालन वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा द्वारा किया गया।उन्होंने कहा सीमांत पत्रकार संगठन का गठन जिन उद्देश्यों की पूर्ति हेतु किया गया है उसकी प्राप्ति हेतु संगठन द्वारा आगे की कार्य योजना को बनाए जाने की बात कही। इस अवसर पर दिनेश खर्कवाल, बाबूलाल यादव, भुवन पाटनी, दीपक फुलेरा, विनोद पाल, विनय शुक्ला, मयंक पंत आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page