छीनी गोठ में देवभूमि रामलीला समिति के बैनर तले आयोजित रामलीला के नवें दिन भक्तिभाव का संगम, जटायु वीरगति और राम–सुग्रीव मित्रता का हुआ भावपूर्ण मंचन, अध्यक्ष दीपा देवी रहीं मुख्य अतिथि।

टनकपुर (चम्पावत) । ग्राम पंचायत छीनी गोठ में आयोजित पारंपरिक रामलीला के नवें दिन सोमवार को भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन हुआ। विगत छह वर्षों से महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आरंभ होने वाली इस रामलीला ने क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना ली है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक समर्पण और जीवंत अभिनय ने एक बार फिर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, रामलीला समिति के अध्यक्ष बंशीधर चौड़ाकोटी, जगदीश परगाई एवं हरीश कांडपाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और जय श्रीराम के उद्घोष से परिसर गूंज उठा।

अपने आतिथ्य उद्बोधन में अध्यक्ष दीपा देवी ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है, जिसे हमें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

नवें दिन की लीला में जटायु की वीरगति का मार्मिक दृश्य दर्शकों की आंखें नम कर गया। रावण से युद्ध करते हुए जटायु का बलिदान और प्रभु राम का करुण संवाद अत्यंत भावुक और प्रभावशाली रहा। इसके पश्चात शबरी के आश्रम में प्रभु राम के आगमन का प्रसंग भक्ति और समर्पण की अनुपम मिसाल बनकर प्रस्तुत हुआ। शबरी द्वारा प्रेमपूर्वक जूठे बेर अर्पित करने का दृश्य श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।

राम–सुग्रीव मित्रता का मंचन भी शानदार ढंग से किया गया। पात्रों के जीवंत अभिनय और संवाद अदायगी में तालीम का स्पष्ट प्रभाव दिखाई दिया। मंच सज्जा, वेशभूषा और ध्वनि संयोजन ने प्रस्तुति को और प्रभावी बना दिया।मंचन के दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में धार्मिकता, अनुशासन और उत्साह का सुंदर समन्वय देखने को मिला। ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह रामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का सशक्त माध्यम बन रही है।

इस अवसर पर माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, रामलीला समिति के अध्यक्ष बंशीधर चौड़ाकोटी, उपाध्यक्ष हरीश कांडपाल, सचिव जगदीश पंत, उपसचिव हरीश जोशी, कोषाध्यक्ष गोविंद चौड़ाकोटी, मीडिया सहयोगी नवीन भट्ट, हारमोनियम वादक जगदीश उप्रेती, तबला वादक प्रकाश जोशी, संरक्षक अंबादत पंत, जगदीश परगाई, मदन भट्ट, प्रदीप जोशी, मुकेश जोशी, सुनील नरियाल, पवन पंत, नवीन जोशी, आशीष जोशी, उमेश नरियाल, भुवन जोशी, राजन जोशी, नवीन नरियाल, मेकअप मास्टर श्याम सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

