“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” के अवसर पर श्रवण यंत्र वितरण, आधार अपडेट सहित तमाम समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण।

खबर शेयर करें -

“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” के अवसर पर श्रवण यंत्र वितरण, आधार अपडेट सहित तमाम समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण।

चम्पावत। जन-जन की सरकार: 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान जनता मिलन, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया, कार्यक्रम के दौरान सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। ग्राम गुरेली के कल्याण सिंह द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर उपजिलाधिकारी लोहाघाट को स्थल का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम गागर की तीलावती देवी की श्रवण यंत्र संबंधी मांग पर जिला समाज कल्याण विभाग को तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए, जिसके क्रम में मौके पर ही उन्हें श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। ग्राम बनलेख के नवीन भट्ट द्वारा क्षेत्र में खतरा बने विद्युत पोल के स्थानांतरण की मांग पर यूपीसीएल अधिकारियों को शीघ्र सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने को निर्देशित किया गया। ग्राम बांज गांव के नवीन सिंह की आधार अपडेट संबंधी समस्या को ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने तत्काल निस्तारित किया।

ग्राम होली पिपलाटी के नवीन चंद्र द्वारा मंदिरों के सौंदर्यीकरण के संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव पर खंड विकास अधिकारी पाटी एवं जिला पर्यटन विकास अधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जगदीश सिंह द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त दीवार से मकान को हो रहे खतरे के संबंध में दी गई शिकायत पर उपजिलाधिकारी चम्पावत को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।ग्राम कनाकोट के रमेश गहतोड़ी द्वारा मकान की सुरक्षा हेतु दीवार निर्माण की मांग पर एसडीएम पाटी एवं जिला आपदा प्रबंधन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page