“चम्पावत वॉइस” की खबर का एक बार फिर बड़ा असर- खबर प्रकाशन के कुछ घंटों बाद हरकत में आया पालिका प्रशासन, रोडवेज क्षेत्र में चला विशेष सफाई अभियान।

➡️ अभी तली छाड़ सफाई होना बाकी, नालियों के ऊपर स्थानीय लोगों के स्लेब बन रहे हैं मुसीबत का सबब.

टनकपुर (चम्पावत) । डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के समाचार पोर्टल “चम्पावत वॉइस” में रोडवेज बस स्टेशन क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था और नालों में जमा गंदगी को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के कुछ घंटों बाद ही नगर पालिका परिषद टनकपुर का प्रशासन हरकत में आ गया और विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।

अधिशाषी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में पालिका की टीम ने रोडवेज बस स्टेशन रोड और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लंबे समय से उपेक्षित पड़े नालों की सफाई कराई गई तथा नालों से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा और गाद निकाली गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही थी और बदबूदार पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा था। “चम्पावत वॉइस” द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पालिका प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल की।

सफाई अभियान के दौरान कर्मचारियों ने नालों में जमा प्लास्टिक, पॉलीथिन, मिट्टी और अन्य कचरे को बाहर निकालकर निस्तारण किया। मानसून सीजन को देखते हुए यह कार्रवाई क्षेत्र में जलभराव की संभावनाओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि पालिका प्रशासन भविष्य में भी नियमित रूप से सफाई अभियान चलाकर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखेगा। वहीं लोगों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उजागर करने के लिए “चम्पावत वॉइस” की सराहना भी की है।

बताते चले “जनहित की आवाज़ को बुलंद करना ही पत्रकारिता का उद्देश्य है, और जब खबर का असर धरातल पर दिखाई देता है तो यह समाज और व्यवस्था दोनों के लिए सकारात्मक संकेत होता है।”

