हल्द्वानी – नारद जयंती पर संगोष्ठी आयोजन, टनकपुर के युवा पत्रकार मयंक पंत हुए सम्मानित, भारतीय पत्रकारिता और पश्चिमी पत्रकारिता में मूलभूत अंतर।

हल्द्वानी / टनकपुर । विश्व संवाद केंद्र उत्तराखंड द्वारा नारद जयंती कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को एमबीपीजी महाविद्यालय हल्द्वानी में एक विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उप श्रम आयुक्त हल्द्वानी कमल जोशी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम जी ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में जिस प्रकार का वैचारिक विमर्श होना चाहिए था, वह नहीं हो सका और हमने विदेशी विचारधाराओं को अपनाया, जिसके परिणामस्वरूप आज विभिन्न क्षेत्रों में दायित्वबोध की कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का मुख्य कार्य समाज के सामने सत्य को लाना है और पत्रकारिता राष्ट्रप्रथम की भावना से की जानी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पत्रकारिता ने समय-समय पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने पत्रकारिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकारिता और पश्चिमी पत्रकारिता में मूलभूत अंतर है। भारत की पत्रकारिता आदर्शवाद पर आधारित रही है, जबकि पश्चिम में यह भाव कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को भगवान नारद की तरह निष्पक्ष, विश्वसनीय और सत्यनिष्ठ होना चाहिए। साथ ही उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान समय में पत्रकारिता में बढ़ता पक्षपात समाज और पत्रकारिता दोनों के लिए चिंताजनक है।
विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी ने कहा कि पत्रकारिता केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाजहित का दायित्व है। उन्होंने भगवान नारद को सृष्टि का प्रथम संवाददाता बताते हुए कहा कि आज के समय में पत्रकारों के सामने फेक न्यूज़ और टीआरपी की दौड़ से बचना बड़ी चुनौती बन गई है।
कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न पत्रकारों को निष्पक्ष एवं सकारात्मक पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। जनपद चम्पावत के टनकपुर निवासी युवा पत्रकार मयंक पंत को भी समाजहित में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय संबोधन में कमल जोशी ने पत्रकारों से निष्पक्ष होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकार समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम जी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी, उप श्रम आयुक्त हल्द्वानी कमल जोशी, एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य एन.एस. बनकोटी, राज्य मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, स्वयंसेवक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

