टनकपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो साझा करना पड़ा महंगा, यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल के अंतर्गत साइबर टिप लाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायत से जुड़ा मामला।

टनकपुर (चम्पावत)। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री साझा करने वाले एक यूजर के खिलाफ चम्पावत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल के अंतर्गत साइबर टिप लाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायत से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार एसपी रेखा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने के पुलिस कप्तान रेखा यादव के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक तथा अश्लील फोटो एवं वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को प्रभारी साइबर सेल टनकपुर के माध्यम से कोतवाली टनकपुर को सूचना प्राप्त हुई कि एक यूजर द्वारा मेटा प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम) पर आपत्तिजनक एवं अश्लील वीडियो साझा किए गए हैं। सूचना के सत्यापन के उपरांत संबंधित यूजर के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
➡️ चम्पावत पुलिस की अपील……..
चम्पावत पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री पोस्ट या साझा न करें। ऐसी गतिविधियों पर राष्ट्रीय स्तर पर सतत निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

