एआरटीओ टनकपुर की सख्त कार्रवाई: एक माह में 3171 वाहनों की जांच, 1057 चालान, ओवरलोडिंग, बिना टैक्स और बिना परमिट वाहनों पर कसा शिकंजा, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा सघन अभियान।

खबर शेयर करें -

एआरटीओ टनकपुर की सख्त कार्रवाई: एक माह में 3171 वाहनों की जांच, 1057 चालान, ओवरलोडिंग, बिना टैक्स और बिना परमिट वाहनों पर कसा शिकंजा, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा सघन अभियान।

टनकपुर (चम्पावत)। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (ARTO) टनकपुर द्वारा जून 2026 में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार माह मई 2025-26 में जहां 1746 वाहनों की जांच की गई थी, वहीं जून 2026-27 में यह संख्या बढ़कर 3171 पहुंच गई, जो प्रवर्तन कार्यवाही में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है।इसी प्रकार मई 2025 में 582 वाहनों के चालान किए गए थे, जबकि जून 2026 में नियम उल्लंघन करने वाले 1057 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन अभियान के दौरान यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 100, बिना परमिट वाहन संचालन के 31, बिना कर (टैक्स) वाहन संचालन के 149, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 20 तथा बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र के 31 मामलों में चालान किए गए। इसके अतिरिक्त नशे की हालत में वाहन संचालन करने वाले 2 चालकों, निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले 3 वाहन संचालकों, मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन करने वाले 21 चालकों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 21 चालकों तथा निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 35 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। प्रवर्तन अभियान के दौरान एआरएम टनकपुर, एआरएम लोहाघाट तथा सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान भी संचालित किए गए, जिससे नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

ARTO टनकपुर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में 50 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परिवहन विभाग द्वारा नियमित प्रवर्तन कार्यवाही के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सघन प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उक्त अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) टनकपुर मनोज बगोरिया के निर्देशन में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी, परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, परिवहन आरक्षी सोनिया नेगी, महेंद्र पाल, निशा जोशी, नीरज कुमार, किशन कुमार आर्य एवं फ़क़ीर कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान को सफल बनाने में एआरएम टनकपुर, एआरएम लोहाघाट तथा सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page