दयानंद इण्टर कॉलेज में छात्र संसद का हुआ गठन, विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों का हुआ चयन, पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ।
टनकपुर (चम्पावत)। स्थानीय दयानंद इण्टर कॉलेज में शैक्षिक सत्र के अंतर्गत छात्र संसद का गरिमामयी माहौल में गठन किया गया। इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र हवन-यज्ञ में आहुति देकर किया गया। छात्र संसद के गठन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना है।
इस वर्ष छात्र संसद के गठन में निष्पक्षता और योग्यता को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं को विभिन्न जिम्मेदारियाँ दी गईं। इसमें मुख्य पदों के अंतर्गत छात्र संसद के अध्यक्ष पद पर कक्षा 12 की छात्रा नैना शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर एकांशु भट्ट, सचिव पद पर दक्ष सक्सेना, उप सचिव पद पर आदित्य सिंह, खुशी (क्रीडा मंत्री), मेघा, इशिका (सांस्कृतिक कार्यक्रम मंत्री), नितिन , ललित (स्वास्थ्य मंत्री),अनुशासन मंत्री के पद पर अक्षिता का चयन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, अनुशासन तथा पर्यावरण गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए अन्य विभिन्न प्रमुख पदों पर भी योग्य छात्र-छात्राओं को नियुक्त कर उनके दायित्व सौंपे गए।
तत्पश्चात आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में चयनित सभी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के प्रबन्धन और शिक्षक वर्ग ने सभी छात्र-नेताओं को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनुश्रवा आर्य ने कहा कि छात्र संसद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करती है। सभी चयनित पदाधिकारियों से यह अपेक्षा की गई कि वे अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने नए मंत्रिमंडल का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।

