लोहाघाट – गुरुकुलम एकेडमी लोहाघाट में टैलेंट हंट प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों के सृजनात्मकता विकास में महत्वपूर्ण ।
लोहाघाट स्थित गुरुकुलम एकेडमी में कक्षा पाँच से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से टैलेंट हंट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, वाद-विवाद एवं अन्य विधाओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में संगीत एवं शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व सुनील पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों के आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन शशांक पाण्डेय द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को अनुशासित एवं प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर हरीश पाण्डेय, प्रबंधक राजेश पाण्डेय, प्रधानाचार्य भास्कर चौबे एवं कोऑर्डिनेटर कविता पुनेठा द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को प्रेरित करने हेतु उनके योगदान की सराहना की। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए शशांक पाण्डेय ने बताया गया कि कक्षा पाँच में मयंक नाथ, निशिता बिष्ट एवं इंशा अयूब अली ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह में विभूति वर्मा, सात्विका पाटनी एवं अद्विका जोशी ने शीर्ष तीन स्थानों पर अपना स्थान बनाया। कक्षा सात में हर्षिता, अंकिता एवं अंजलि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहले तीन स्थान प्राप्त किए। वहीं कक्षा आठ में भावना चौबे, कौशल पुनेठा एवं योगिता ने अपनी प्रतिभा के बल पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंकिता, पलक एवं श्रेयांश ने प्रभावशाली तर्क-वितर्क और प्रस्तुति के माध्यम से पहले तीन स्थान प्राप्त कर सभी को प्रभावित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के रियाज़ अहमद, मनमोहन गहतोड़ी, चंद्र भानु, महेंद्र जोशी, प्रदीप कुमार, जीवन जोशी, शैला ख़ान, जानकी अधिकारी, विमला चतुर्वेदी, रेखा बोहरा, सविता रावत, नेहा गोस्वामी, सरिता बिष्ट के अलावा शिक्षक,विद्यार्थियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं तथा इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी कराए जाने की बात कही गई।

