टनकपुर की बेटी पलक जोशी बनीं जूनियर मिस इंडिया 2026, स्माइल प्राइज जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान, क्षेत्र में ख़ुशी की लहर 

खबर शेयर करें -

टनकपुर की बेटी पलक जोशी बनीं जूनियर मिस इंडिया 2026, स्माइल प्राइज जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान, क्षेत्र में ख़ुशी की लहर।

जयपुर /टनकपुर । जयपुर में आयोजित जूनियर मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में टनकपुर की होनहार बेटी पलक जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर मिस इंडिया स्माइल प्राइज अपने नाम किया है। महज 15 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि के साथ पलक ने न केवल टनकपुर बल्कि पूरे चम्पावत जनपद और उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

टनकपुर के नायकगोठ निवासी गोविन्द बल्लभ जोशी व निर्मला जोशी की पुत्री पलक जोशी ने जूनियर मिस इंडिया ‘खूबसूरत मुस्कान 2026’ श्रेणी में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सादगी भरी मुस्कान से निर्णायकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच पलक का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा, जिसके चलते उन्हें यह प्रतिष्ठित खिताब मिला। इनके पिता मूल रूप से गंगोलीहाट जिला पिथौरागढ़ के रहने वाले है। पलक वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बरेली में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ फैशन, मंच प्रस्तुति और व्यक्तित्व विकास में उनकी गहरी रुचि रही है। परिजनों के सहयोग और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।पलक की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पलक आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।

बतातें चले पलक जोशी की यह उपलब्धि साबित करती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं। उनकी जीत ने एक बार फिर दिखा दिया कि उत्तराखंड की बेटियां हर मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page