नगर पालिका सभागार में आत्मविश्वास की गूंज – महिला शक्ति के नाम रही शाम, प्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता माहरा ने पांच सितारों का चयन कर किया सम्मानित, श्वेता की जमकर हो रहीं प्रशंशा ।

➡️ नारी सिर्फ सम्मान की पात्र नहीं, बल्कि परिवर्तन की धुरी है, और जब मंच पर महिला शक्ति का सम्मान होता है, तो समाज की दिशा खुद-ब-खुद बदलने लगती है- श्वेता माहरा
➡️ पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने वाली माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, समाजसेवा और शराब आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली उर्मिला चंद, ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर गौरी देवी, पारंपरिक ऐपण कला को नई पहचान दिलाने वाली कनिका ठाकुर और अधिवक्ता के रूप में महिलाओं के अधिकारों के लिए मुखर आवाज बनीं एडवोकेट ऋतु सिंह को किया गया सम्मानित।
➡️ कार्यक्रम के दौरान श्वेता माहरा ने मीडिया कर्मियों को भी किया सम्मानित.

टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका सभागार में शनिवार को आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, संघर्ष और सफलता की जीवंत कहानियों का उत्सव बन गया। उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता महारा की उपस्थिति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। सभागार में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

कार्यक्रम की सबसे खास बात रही वे पांच महिलाएं, जिनकी कर्मठता ने समाज में नई मिसाल कायम की है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने वाली समिति अध्यक्ष दीपा देवी, ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर गौरी देवी, पारंपरिक ऐपण कला को नई पहचान दिलाने वाली कनिका ठाकुर, समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने वाली उर्मिला चंद तथा अधिवक्ता के रूप में महिलाओं के अधिकारों के लिए मुखर आवाज बनीं एडवोकेट ऋतु सिंह को मंच पर श्वेता माहरा द्वारा सम्मानित किया गया। तालियों की गूंज के बीच इन महिलाओं ने यह संदेश दिया कि बदलाव की शुरुआत घर की चौखट से ही होती है।

मीडिया से रूबरू होते हुए श्वेता माहरा ने कहा कि नारी सिर्फ सम्मान की पात्र नहीं, बल्कि परिवर्तन की धुरी है, और जब मंच पर महिला शक्ति का सम्मान होता है, तो समाज की दिशा खुद-ब-खुद बदलने लगती है। उन्होंने कहा महिला सशक्तिकरण कोई नारा नहीं, बल्कि सोच और संकल्प का विषय है। उन्होंने कहा, “जब महिलाएं अपनी क्षमता पहचान लेती हैं, तो हर बाधा छोटी पड़ जाती है। परिवार और समाज का सहयोग महत्वपूर्ण है, लेकिन सबसे बड़ी ताकत आत्मविश्वास है।” उन्होंने युवतियों से शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी खुलकर सवाल पूछे, जिनका श्वेता माहरा ने सहज और प्रेरक अंदाज में जवाब दिया। पूरा सभागार सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर अलप महर और इशिका जोशी ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर नितिन मंगला, समीर सिंह, मनीष बिष्ट, मयंक पंत, सौरभ पांडे, भौमिक, नितिन, प्रियांशु, मीनाक्षी, प्रियंका, आरती, भावना, हिमांशी, कोमल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बताते चले प्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता माहरा ने मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया।

