उत्तराखंड की बेटी ने रचा इतिहास, आईटीबीपी की महिला टीम ने एवरेस्ट फतह कर बढ़ाया देश का मान।

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की बेटी ने रचा इतिहास, आईटीबीपी की महिला टीम ने एवरेस्ट फतह कर बढ़ाया देश का मान।

चम्पावत /खटीमा/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड की बेटी तिला सेन ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलता का परचम लहराकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। ITBP की पहली सर्व महिला एवरेस्ट अभियान टीम में शामिल तिला सेन, पुत्री मदन लाल, निवासी चारूबेटा खटीमा, जिला उधम सिंह नगर ने इस ऐतिहासिक मिशन में अपनी शानदार भागीदारी निभाई। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की महिला पर्वतारोहियों ने अद्भुत साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) पर तिरंगा फहराकर नया इतिहास रच दिया। यह ITBP का पहला सर्व महिला एवरेस्ट अभियान था, जिसने देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा का संदेश दिया है।

19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुए इस अभियान में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। टीम ने नेपाल के कठिन साउथ कोल रूट से चढ़ाई करते हुए बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम और जोखिम भरे रास्तों को पार किया। आखिरकार 21 मई 2026 को सुबह 6:52 बजे टीम की पहली टुकड़ी ने एवरेस्ट शिखर पर पहुंचकर तिरंगा लहराया और भारत का गौरव विश्वभर में बढ़ाया।

तिला सेन की इस ऐतिहासिक सफलता से खटीमा क्षेत्र सहित पूरे उत्तराखंड में गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इसे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि तिला सेन ने अपने माता-पिता, क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page