जलभराव की समस्या को लेकर विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा जनहित संघर्ष समिति ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नाले पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण को बताया समस्या की जड़।

खबर शेयर करें -

जलभराव की समस्या को लेकर विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा जनहित संघर्ष समिति ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नाले पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण को बताया समस्या की जड़।

➡️ जलभराव से परेशान वार्डवासी पहुंचे एसडीएम दरबार, सड़क निर्माण के जांच की उठी मांग.

टनकपुर (चम्पावत)। विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा जनहित संघर्ष समिति ने वार्ड संख्या-11 में बरसात के दौरान होने वाली गंभीर जलभराव की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मुलाकात कर वार्डवासियों की समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में समिति ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा वार्ड संख्या-11 एवं रेलवे क्षेत्र वार्ड संख्या-4 के मध्य स्थित पुराने बरसाती नाले को पाटकर सड़क का निर्माण कराया गया है। साथ ही सड़क के किनारे बनाई गई नाली के माध्यम से पूरे शहर के गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था कर दी गई है, जिससे भारी बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।

समिति अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट ने बताया कि लगातार दो घंटे की मूसलाधार बारिश होने पर नाली का गंदा पानी और कचरा वार्ड संख्या-11 के लोगों के घरों में घुस जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार नगर पालिका परिषद टनकपुर तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। समिति ने जलभराव की समस्या का मुख्य कारण बरसाती नाले पर हुए अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों को बताया है। वार्डवासियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, जिससे भविष्य में लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने समिति को आश्वस्त किया कि सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी तथा रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के महामंत्री परमानंद जोशी, सदस्य कमल पाटनी, पूजा शर्मा, खड़क सिंह बिष्ट, शरद कुमार कश्यप, भवान सिंह कुल्याल, पुष्पा, हरिशंकर, रजनी, दीपक जोशी, सीता, कुंवर पाल, दीपा रावत, घनश्याम भट्ट, निर्मला, ललित जोशी, मीना मेहता सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page