क्राइम – भारत–नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कामयाबी,15 ग्राम से अधिक स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, 04 लाख 32 हजार बताई जा रही हैं कीमत।
बनबसा (चम्पावत)। भारत नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वसनीय खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसएसबी ने स्मैक की बड़ी खेप के साथ एक नेपाली तस्कर को धर दबोचा। कमांडेंट मनोहर लाल के निर्देशन में सीमा चौकी गढ़ीगोठ की टीम ने ग्राम भैसाभोज के पास विशेष घेराबंदी की। 25 दिसंबर की शाम नेपाल सीमा पार करने की फिराक में एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पॉलीथिन सहित 15.28 ग्राम और बिना पॉलीथिन 14.42 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस चंद (25 वर्ष) पुत्र उद्धव चंद, निवासी नेपाल बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह यह स्मैक बनबसा से लेकर महेंद्रनगर (नेपाल) पहुंचाने जा रहा था। तस्करी के इस सौदे के बदले उसे ₹5,000 मिलने थे। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹4.32 लाख आंकी गई है। समस्त कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को मादक पदार्थ सहित थाना बनबसा के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। भारत–नेपाल सीमा पर नशे की तस्करी पर यह कार्रवाई एसएसबी की सख्त निगरानी और सतर्कता को दर्शाती है। इस अभियान में सहायक कमांडेंट दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में निरीक्षक लाल चंद, उप निरीक्षक मदन चंद भट्ट, सहायक उप निरीक्षक मोती सिंह, मुख्य आरक्षी एम. सुधाकर रेड्डी, संजीव कुमार, आरक्षी अखिल कुमार झा और प्रदीप कुमार की अहम भूमिका रही।

