मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भ्रमण हेतु चम्पावत प्रशासन की तैयारियाँ अंतिम चरण में: जिलाधिकारी ने ठुलीगाड़ और लोहाघाट का किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
➡️ माँ पूर्णागिरि मेला शुभारंभ और होली रंग महोत्सव को भव्य बनाने हेतु सुरक्षा व सुविधाओं का लिया जायजा.
टनकपुर / लोहाघाट। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शुक्रवार को जनपद चम्पावत के प्रस्तावित एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री द्वारा विश्व प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मेले के विधिवत शुभारंभ और लोहाघाट में होली रंग महोत्सव में प्रतिभाग करने के दृष्टिगत, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को ठुलीगाढ़ तथा रामलीला मैदान, लोहाघाट का सघन स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। जिलाधिकारी ने ठुलीगाढ़ पहुँचकर हेलीपैड से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक के रूट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पुलिस प्रशासन और मेला समिति के अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक अक्षम्य होगी। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी गैलरी, मंच व्यवस्था और आम जनता के बैठने हेतु बनाए गए पंडाल का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
माँ पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ स्थल पर जिलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, अस्थाई शौचालयों की स्वच्छता और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने भीड़ नियंत्रण हेतु प्रभावी बैरिकेडिंग और उचित स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले और आम जनता के वाहनों की आवाजाही में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी शेष व्यवस्थाएं पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा, तहसीलदार जगदीश नेगी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

